SINGRAULI NEWS : एनसीएल में ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 2.0’ का हुआ आगाज़
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने प्रथम चरण में गृहिणियों को बेसिक फर्स्ट-एड प्रशिक्षण देने के बाद ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 2.0’ का शुभारंभ किया है। इस चरण के अंतर्गत गृहिणियों के अलावा एनसीएल पोषित स्कूलों के बच्चों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 2.0’ के फेज -1 की शुरुआत में एनसीएल के 10 स्कूलों के 3200 बच्चों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल के प्रथम चरण में डीएवी (अमलोरी, निगाही, दुधीचुआ, खड़िया, बीना, ककरी, झिंगुरदा), डीपीएस निगाही तथा केंद्रीय विद्यालय (सीडब्ल्यूएस जयंत एवं सिंगरौली) को शामिल किया गया है। इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक कौशल प्रदन करना है।
इसी क्रम में पहला कार्यक्रम खड़िया परियोजना के डीएवी विद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें दो बैचों में 155 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जीवन रक्षक कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम को विशेष रूप से आपात स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीकों पर केंद्रित किया गया है, जिसमें सीपीआर, ट्रॉमा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा शामिल हैं।
एनसीएल का यह अभियान न केवल सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि एक जिम्मेदार और सजग समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
गौरतलब है कि एनसीएल ने ‘बेसिक फर्स्ट-एड ट्रेनिंग 1.0’ में 5900 से अधिक गृहिणियों को बेसिक फर्स्ट-एड प्रशिक्षण प्रदान किया था।
