SINGRAULI NEWS : बरगवां पुलिस ने गाजीपुर की लापता बालिका सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौपा
सिंगरौली जिले के बरगवां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उत्तरप्रदेश राज्य के गाजीपुर जिले से लापता बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। यह सराहनीय कार्य पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रियता का उदाहरण है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 8 अप्रैल को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम डगा के पास कनई तिराहे बाईपास के पास एक अज्ञात बालिका भटकती हुई मिली है, जो अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी। सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को वजत्न से अवगत कराया। बालिका की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर बैढ़न में सुरक्षित रखा गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में टीम द्वारा लगातार पूछताछ और काउंसलिंग की गई। वन स्टॉप सेंटर की टीम की मदद से बालिका ने बताया कि वह जनपद गाजीपुर (उ.प्र.) की रहने वाली है और उसकी उम्र लगभग 13 वर्ष है।
इसके बाद बरगवां पुलिस ने गाजीपुर के संबंधित थाने से संपर्क कर बालिका के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के सिंगरौली पहुंचने पर बाल कल्याण समिति की उपस्थिति में विधिवत प्रक्रिया पूरी करते हुए बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरे अभियान में निरीक्षक मो. समीर, सउनि विनोद, प्रधान आरक्षक अवधलाल सोनी, नंदकिशोर बागरी सहित वन स्टॉप सेंटर प्रभारी सरोज सोनवानी, केयर टेकर अनीता साहू, सुरक्षाकर्मी माण्डवी मिश्रा एवं महिला प्रधान आरक्षक अंशु शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
