SINGRAULI NEWS : जादू-टोना के शक में बरगवां में बुजुर्ग की हुई निर्मम हत्या दो आरोपी हुए गिरफ्तार एक की तलाश जारी
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में हुए बुजुर्ग की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
बरगवां थाना प्रभारी टीआई मो. समीर के अनुसार मृतक जोखन उर्फ सूरे कोल पिता वृहस्पति कोल उम्र 75 वर्ष निवासी ग्राम उज्जैनी की 19 फरवरी की रात खाना खाने के बाद घर से बिना बताए कहीं चले गए इस संबंध में 22 फरवरी को उनकी बहू शकुन्तला देवी कोल ने थाने में सूचना दी जहां गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तलाश तेज कर दी इसी बीच 10 मार्च को ग्रामीण अर्जुन कोल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के वृजेन्द्र उर्फ बृजेन्द्र-बजरंगी यादव पिता रामशरण यादव उम्र 24 वर्ष, सिपाहीलाल साकेत पिता छोटेलाल साकेत उम्र 23 वर्ष और अनूप जायसवाल पिता सत्यप्रकाश जायसवाल तीनों निवासी ग्राम उज्जैनी शराब पीते समय जोखन कोल की हत्या करने की बात करते सुने गए हैं। सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर उक्त संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। इस दौरान आरोपी वृजेन्द्र और सिपाहीलाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें मृतक पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी कारण उन्होंने अनूप जायसवाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर के नेतृत्व में एएसआई वीरेन्द्र त्रिपाठी, प्रआर विपिन तोमर, फूल सिंह, अनूप मिश्रा, सुरेन्द्र भुजवा तथा आर अरुणेन्द्र मिश्रा, एफएसएल अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द राठौड़, प्रआर लोकेन्द्र यादव और एफएसएल राजबहोर शर्मा रीवा की भूमिका सराहनीय रही।
छुहिया घाटी के सुनसान जंगल में गला दबाया
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को असीम सिंह की बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 66 टी 2024 से बारात जाने को कहकर लेकर आया और अपने साथी सिपाहीलाल को मृतक को बुलाने के लिए कहा। इस दौरान झाड़-फूंक कराने के बहाने मृतक को घर से बुलाया गया। रास्ते में उसे अत्यधिक शराब पिलाकर बेहोश कर दिया गया और रामपुर नैकिन, बघवार होते हुए छुहिया घाटी के सुनसान जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को सड़क किनारे बनी पुलिया के भीतर छिपा दिया और मृतक का मोबाइल, जूता व कपड़े जंगल में फेंककर वापस लौट आए। बीते दिन बुधवार को आरोपियों की निशानदेही पर एफएसएल टीम के साथ छुहिया घाटी क्षेत्र में पहुंचकर शव बरामद किया गया। शव काफी सड़ चुका था, इसलिए परिजनों ने कपड़ों के आधार पर पहचान की। पुलिस ने मौके से मृतक का जूता और नीले रंग की इनर भी बरामद की। पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज रीवा में कराया गया। आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 103(1) 140(3), 3(5) बीएनएस तथा 3(2)(वी), 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच के बाद गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिन गुरूवार को न्यायालय में पेश कर जिला जेल पचौर भेज दिया गया, जबकि तीसरे आरोपी अनूप जायसवाल की तलाश जारी है।
