Thu. Feb 5th, 2026

SINGRAULI NEWS: एनसीएल की मेजबानी में ‘कोल इंडिया अंतर-कंपनी टेबल टेनिस टूर्नामेंट’ का हुआ समापन, एनसीएल बनी चैंपियन

11 कंपनियों के 119 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, महिला खिलाड़ियों ने भी दर्ज कराईं सशक्त उपस्थिति

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की मेजबानी में अमलोरी क्षेत्र में आयोजित प्रतिष्ठित ‘कोल इंडिया अंतर-कंपनी टेबल टेनिस टूर्नामेंट’ का गुरुवार को अमलोरी में गरिमामयी समापन हुआ। इस रोमांचक प्रतियोगिता में मेजबान एनसीएल की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि एसईसीएल की टीम उपविजेता रही।

समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए एनसीएल के निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने अमलोरी क्षेत्र और कल्याण विभाग मुख्यालय को शानदार व्यवस्था के लिए सराहा।

उन्होंने महिला प्रतिभागियों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया और भविष्य में महिला खिलाड़ियों के लिए ‘टीटी वूमेन टीम चैंपियनशिप’ की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कोल इंडिया कल्याण बोर्ड के सदस्य टिकेश्वर सिंह राठौर (बीएमएस),  अशोक यादव (एटक) और  पी.एस. पांडेय (सीटू) के साथ-साथ जेसीसी सदस्य अजय कुमार (सीएमएस),  लाल पुष्पराज सिंह (आरसीएसएस), अशोक कुमार मिश्रा (बीएमएस) और सीएमओएआई (एनसीएल) के सचिव सर्वेश सिंह व स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने खेल में अनुशासन, अमलोरी क्षेत्र द्वारा की गई बेहतरीन व्यवस्था और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।

यह संपूर्ण आयोजन अमलोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक आलोक कुमार की मेजबानी और महाप्रबंधक (कार्मिक/कल्याण) राजेश त्रिवेदी के देखरेख में संपन्न हुआ।

इस टूर्नामेंट में कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों के साथ एससीसीएल के कुल 119 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 21 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। विभिन्न श्रेणियों में आयोजित मुकाबलों में पुरुष ओपन एकल का खिताब एनसीएल के मोहनीश सोनी ने जीता, जबकि एनसीएल के ही  मिराज अहमद उपविजेता रहे। पुरुष ओपन युगल में एनसीएल के मोहनीश सोनी व निर्मल मिश्रा की जोड़ी विजेता बनी, वहीं एनसीएल के मिराज अहमद व एसईसीएल के सुरेश जायसवाल की जोड़ी उपविजेता रही। वेटरन्स एकल में ईसीएल के कल्याण रॉय विजेता और एनसीएल के नौशाद आलम उपविजेता रहे। वेटरन्स युगल में एनसीएल के  नौशाद आलम व रवींद्र सिंह ने जीत हासिल की, जबकि सीएमपीडीआई के सतीश कुमार व सम्राट दासगुप्ता उपविजेता रहे।

महिला वर्ग में, ओपन एकल का खिताब सीएमपीडीआई की कुमारी पौषाली बर्मन ने अपने नाम किया और डब्ल्यूसीएल की अंजू बोस उपविजेता रहीं। महिला ओपन युगल में डब्ल्यूसीएल की अंजू बोस व परमजीत कौर विजेता बनीं, वहीं सीएमपीडीआई की कुमारी पौषाली बर्मन व डब्ल्यूसीएल की प्रियंका मदान की जोड़ी उपविजेता रही।

समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। चैंपियनशिप जीतने वाली एनसीएल टीम में मोहनीश सोनी, निर्मल कुमार मिश्रा, रजत मलिक, मिराज अहमद और धीरेंद्र तिवारी शामिल रहे, जिनका मार्गदर्शन टीम कोच अरूप मित्र और मैनेजर तुषार श्रीवास्तव ने किया। वहीं, उपविजेता रही एसईसीएल टीम में ऋषिकेश पुरोहित, सुरेश कुमार जायसवाल, पार्थो देवघड़िया, संजय कुमार और सनीश शामिल थे, और इस टीम का प्रबंधन राजीव अवस्थी ने किया। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल भावना की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *