Thu. Feb 5th, 2026

SINGRAULI NEWS : यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 का किया आयोजन

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार माह जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” यह संदेश देती है कि सड़क पर अपनाया गया प्रत्येक सुरक्षित कदम किसी न किसी के जीवन की रक्षा कर सकता है।

सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने का दायित्व है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, गति सीमा का पालन करना, नशे की हालत में वाहन न चलाना जैसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। सड़क सुरक्षा अपनाकर हम न केवल अपना, बल्कि अपने परिवार और समाज का भविष्य भी सुरक्षित करते हैं।

स्कूल, कॉलेज एवं तकनीकी संस्थानों में सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान, निबंध प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, क्विज़ एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों एवं युवाओं में प्रारंभ से ही सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित हो।

ग्राम सभाओं, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) एवं स्थानीय निकायों के माध्यम से रैली, साइकिल/वॉकथॉन, शपथ कार्यक्रम एवं स्थानीय भाषा में संदेशों द्वारा जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी। टीवी, रेडियो, समाचार पत्र एवं सोशल मीडिया के माध्यम से शॉर्ट वीडियो, इन्फोग्राफिक्स एवं वास्तविक जीवन की कहानियों को साझा किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग जागरूक हों तथा हैशटैग अभियानों के माध्यम से युवाओं तक संदेश शीघ्र पहुँचे।

यातायात पुलिस द्वारा नियमों का सख्ती से पालन कराए जाने के साथ-साथ वाहन चालकों को परामर्श देकर सुरक्षित आदतें अपनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। चेतावनी नोटिस, रिफ़्रेशर ट्रेनिंग एवं ऑन-रोड डेमो के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

 

यातायात पुलिस सिंगरौली द्वारा आज शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट वितरित किए गए।

सिंगरौली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएँ और सड़क दुर्घटनाओं से स्वयं एवं दूसरों को बचाएँ।

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *