कलेक्टर की अध्यक्षता में सी.एम.डी.पी.ए अंतर्गत खनिज विभाग एवं माइनिंग कंपनियों की समीक्षा बैठक आयोजित
सिंगरौली कार्यालय
कलेक्टर बैनल की अध्यक्षता में कोयला उत्पादन एवं विकास समझौते अंतर्गत खनिज विभाग एवं माइनिंग कंपनियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई । बैठक के दौरान एपीएमडीसी, टीएचडीसी एवं जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड अमिलिया नॉर्थ कोल माइन द्वारा अपने कोयले के उत्पादन एवं निकासन की वार्षिक जानकारी से कलेक्टर को अवगत कराया गया । जानकारी प्राप्त करने के पश्चात कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी कंपनियां अपने कोयला उत्पादन के लक्ष्यों को दिए गए निर्धारित समय में प्राप्त करें।
उन्होंने निर्देश दिये कि कोयला उत्पादन के दौरान किए जाने वाले भौतिक सर्वे की प्रत्येक 15 दिवस की जानकारी खनिज विभाग को उपलब्ध कराएं। साथ ही जानकारी में 15 दिवस की पूर्ण स्थिति एवं बाद की स्थिति का विवरण आवश्यक रूप से दिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने खनिज अधिकारी को निर्देश दिए की कंपनियों द्वारा कोल उत्पादन के संबंध में बैठक प्रति माह आयोजित किया जाए साथ ही कंपनियों द्वारा मासिक कोल उत्पादन की जानकारी बैठक के दौरान प्रस्तुत की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी बैठक में कंपनियां अपने कोल परिवहन के रूट में होने वाले सड़क हादसों की जानकारी एवं कोयला उत्पादन के दौरान होने वाले प्रदूषण नियंत्रण हेतु अपनाए जाने वाले तरीकों की जानकारी प्रस्तुत करें। बैठक के दौरान खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल , प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी संजीव मेहरा सहित कोल माइनिंग कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
