Wed. Jun 17th, 2026

SINGRAULI NEWS:सस्ता सोना दिखाकर लाखों की ठगी सिंगरौली पुलिस ने किया बड़ा खुलासा 10 हजार रुपये का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

झुरही के जंगल में रची गई थी लूट की पूरी पटकथा, पुलिस की कड़ाई में खुला राज

सिंगरौली। जिले की जियावन पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था और फिर लाखों रुपये लेकर फरार हो जाता था। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना एवं 10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर डॉ. गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में जियावन पुलिस ने इस अंधे मोड़ वाले मामले को सुलझाकर आरोपियों के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

लूट की सूचना से मचा था हड़कंप

25 फरवरी को जियावन थाना क्षेत्र में फरियादियों द्वारा लूट की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

पुलिस को कहानी में दिखा बड़ा झोल

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने फरियादियों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में कई विरोधाभासी बातें सामने आईं, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।

सस्ता सोना बना लालच का जाल

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फरियादियों को बाजार मूल्य से बेहद कम कीमत पर सोना दिलाने का लालच दिया था। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने पहले एक ज्वेलर्स की दुकान में सोने का टुकड़ा चेक भी कराया, जिससे पीड़ित पूरी तरह उनके झांसे में आ गए।

जंगल में बुलाकर उड़ाए रुपये

आरोपियों ने 25 फरवरी को फरियादियों को झुरही के जंगल क्षेत्र में बुलाया। वहां उनसे नगद राशि ले ली गई और सोना देने के बजाय आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पीड़ितों को अपने साथ हुई ठगी और लूट का एहसास हुआ।

पुलिस ने एक-एक कर दबोचे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जियावन पुलिस ने लगातार दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी अनिल सिंह निवासी कचनी वैढ़न एवं शिवमंगल सिंह निवासी गनियारी को पहले ही हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी।

10 हजार रुपये का इनामी मास्टरमाइंड भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना और ₹10 हजार के इनामी फरार आरोपी बलवान पारधी (उम्र 26 वर्ष), निवासी बूढ़ा, थाना रीठी, जिला कटनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन आखिरकार जियावन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली।

न्यायालय में किया गया पेश

गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस जटिल और चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक सदन सहित थाना जियावन के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर जांच की सराहना की है।

पुलिस की अपील

सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सस्ता सोना, दोगुना पैसा या किसी भी प्रकार के लालच में आकर अज्ञात व्यक्तियों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed