SINGRAULI NEWS:जल संरचनाएं हमारी अनमोल धरोहर, इनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी कमिश्नर बीएस जामोद
जल गंगा संवर्धन अभियान: चंद्रमा टोला तालाब में कमिश्नर, कलेक्टर और जनसमूह ने किया वृहद श्रमदान, गहरीकरण कार्य भी शुरू
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाये जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत सिंगरौली जिले में जल स्रोतों के पुनरुद्धार और संरक्षण का कार्य अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इसी कड़ी में आज रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद के नेतृत्व में चंद्रमा टोला तालाब पर वृहद श्रमदान एवं सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान कमिश्नर जामोद, कलेक्टर गौरव बैनल जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे और नगर निगम आयुक्त सबिता प्रधान ने स्वयं फावड़ा उठाकर श्रमदान की शुरुआत की। शीर्ष अधिकारियों को मैदान में उतरकर सफाई करते देख वहां मौजूद अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय जनसमूह ने भी पूरी ऊर्जा के साथ तालाब परिसर से कचरे व झाड़ियों को हटाया।
सफाई के साथ-साथ तालाब की जलधारण क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से इसके गहरीकरण कार्य पर विशेष जोर दिया गया। कमिश्नर जामोद ने गहरीकरण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए स्पष्ट किया कि केवल सतही सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि वर्षों से जमा गाद को निकालकर तालाब को गहरा करना अनिवार्य है, ताकि आगामी मानसून में अधिक से अधिक वर्षा जल का संचयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक टीम को निर्देशित किया कि तालाब की मेढ़ों को सुदृढ़ किया जाए और वेस्ट वेयर की आवश्यक मरम्मत तत्काल कराई जाए ताकि जल भराव सुरक्षित रहे।
कमिश्नर ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अपील की और कहा कि जल संरचनाएं हमारी अनमोल धरोहर हैं और इनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चंद्रमा टोला तालाब के गहरीकरण से न केवल स्थानीय भू-जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि मवेशियों और क्षेत्रीय पर्यावरण के लिए भी यह जीवनदायी सिद्ध होगा।
