SINGRAULI BREAKING NEWS : एनसीएल निगाही खदान में चोरों का आतंक, सुरक्षा गार्ड को बनाया बंधक! करोड़ों की सुरक्षा व्यवस्था फेल
एनसीएल में जब गार्ड ही नहीं है सुरक्षित तो मशीनरी का क्या ?
सिंगरौली।
एनसीएल की खदानों में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे चोरी के साथ-साथ सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाने से भी नहीं चूक रहे। ताजा मामला निगाही खदान का है, जहां चोरों ने ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को ही दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 1 बजे निगाही खदान के ड्रग लाइन फेस के पास तैनात सुरक्षा गार्ड पाण्डेय आग ताप रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चोरों ने अचानक हमला कर उन्हें बंधक बना लिया।
गनीमत यह रही कि उसी वक्त सुरक्षा विभाग की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई, टीम को देखते ही चोर गार्ड को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। अगर पेट्रोलिंग में देरी होती, तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था।
चौंकाने वाली बात यह है कि बीते एक सप्ताह में जयंत, दुधीचुआ और झींगुरदा खदानों में चोरों ने कई भारी मशीनों के कीमती केबल काटकर चोरी कर ली।
कुछ दिन पहले ही दुधीचुआ के शॉवेल 202 और जयंत खदान के शॉवेल नंबर 13 से केबल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
सवाल यह है कि एनसीएल सुरक्षा के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, फिर भी चोर ड्रग लाइन फेस जैसे संवेदनशील इलाकों तक कैसे पहुंच रहे हैं?
क्या खदानों की सुरक्षा सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गई है?
या फिर कहीं न कहीं सिक्योरिटी सिस्टम में गंभीर चूक हो रही है?
लगातार हो रही इन घटनाओं ने एनसीएल की सुरक्षा व्यवस्था और गार्डों की सक्रियता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
अब देखना यह होगा कि एनसीएल प्रबंधन इन घटनाओं को कितनी गंभीरता से लेता है, या फिर चोरों के हौसले ऐसे ही बुलंद बने रहेंगे।
