SONBHDRA NEWS : एनटीपीसी परियोजना के नगर अनुरक्षण कार्यालय में बुधवार सुबह एक सफाईकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से मचा हड़कंप
बीजपुर(सोनभद्र) संतोष कुमार गुप्ता
स्थानीय एनटीपीसी परियोजना के नगर अनुरक्षण कार्यालय में बुधवार की सुबह एक सफाईकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बीजपुर के टोला गांधी धाम निवासी भाई लाल (55) पुत्र स्वर्गीय विशेश्वर लंबे समय से ठेकेदार के माध्यम से एनटीपीसी में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था। प्रतिदिन की तरह वह बुधवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे कार्यालय पहुंचा और पंचिंग करने के बाद अपना काम शुरू कर दिया। उसने कार्यालय में नियमित सफाई भी की।
जब अन्य कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो देखा कि भाई लाल बंडल बांधने वाली सफेद रस्सी के सहारे दरवाजे के एंगल से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही हो-हल्ला मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना मृतक के बेटे पिंटू को दी। सूचना मिलते ही पिंटू मौके पर पहुंचा और जीवन होने की उम्मीद में शव को फंदे से उतार लिया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को देने पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गए। उन्होंने बताया कि मृतक के बेटे पिंटू की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
