Thu. Feb 5th, 2026

SINGRAULI NEWS : पत्रकारों की आवाज को और मजबूत करने की पहल सिंगरौली में इंडियन एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की बैठक संपन्न।

नई कार्यकारिणी घोषित, पत्रकारों की एकता और अधिकारों की रक्षा पर जोर।

सिंगरौली कार्यालय

सिंगरौली जिले में पत्रकारों के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से गठित संगठन इंडियन एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की एक आवश्यक बैठक सोमवार शाम माजन मोड़ स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई।बैठक में जिले के वरिष्ठ और सक्रिय पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला कार्यकारिणी का विस्तार करना और संगठन की भावी रणनीति तय करना था।बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार आर.के. श्रीवास्तव एवं दिनेश पांडेय ने की।बैठक का संचालन पत्रकार शशिकांत कुशवाहा ने किया और अवनीश तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया।

संगठन ही शक्ति है, तभी मिलेगा पत्रकारों को अधिकार: आर.के. श्रीवास्तव
वरिष्ठ पत्रकार आर.के. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि आज हर वर्ग के लोग अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित हैं — फिर चाहे वह अधिकारी हों, कर्मचारी हों या श्रमिक वर्ग। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को भी अपने हितों के लिए एकजुट रहना होगा, क्योंकि संघे शक्ति कलियुगे केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक सशक्त संदेश है।
उन्होंने आगे कहा —हमारा संगठन पत्रकारों के हक की आवाज बनेगा, चाहे वह किसी भी मीडिया संस्थान से जुड़ा पत्रकार क्यों न हो। हमें अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर सामूहिक हित के लिए काम करना होगा। आर.के. श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और उनके सामने आने वाली व्यावसायिक चुनौतियों पर एक मंच से आवाज उठाना है।उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संगठन जिले के सभी विकासखंडों में जाकर स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं को सुनने और समाधान का प्रयास करने के लिए बैठकें करेगा।

संगठन के हर सदस्य का सहयोग जरूरी: सुरेश कुमार
पत्रकार सुरेश कुमार ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब उसके हर सदस्य की सक्रिय भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता अब चुनौतियों से भरा क्षेत्र है, जहां कई बार पत्रकारों को अनुचित दबाव और शोषण का सामना करना पड़ता है।यदि हम सब एक-दूसरे का सहयोग करेंगे और संगठनात्मक रूप से खड़े रहेंगे, तो कोई भी ताकत पत्रकारों के अधिकारों को कमजोर नहीं कर पाएगी।

हमारी आवाज दिल्ली तक जाएगी:अवनीश तिवारी

पत्रकार अवनीश तिवारी ने कहा कि आज पत्रकारों का शोषण कई स्तरों पर हो रहा है, चाहे वह वेतन असमानता हो या काम के दौरान असुरक्षा की स्थिति। उन्होंने कहा कि संगठन इन मुद्दों को लेकर न केवल जिला और राज्य स्तर पर, बल्कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली तक आवाज उठाने का काम करेगा।हमारा संगठन केवल नाम के लिए नहीं, बल्कि पत्रकारों को न्याय दिलाने के लिए बना है। जब तक पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक समाज में सच्चाई की आवाज बुलंद नहीं हो सकती।

घोषित हुई नई जिला कार्यकारिणी

बैठक में सर्वसम्मति से संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें निम्न पदाधिकारी चुने गए —
जिलाध्यक्ष: रूपेश चौबे
महासचिव: सुरेश पांडेय
सचिव: नीरज पांडेय
उपाध्यक्ष: राजेश सिंह, राघवेन्द्र सिंह गहरवार, अवनीश तिवारी, शशिकान्त कुशवाहा, राजेन्द्र अग्रहरी
सदस्य: फणिन्द्र सिन्हा, सोनू गुप्ता, विकास श्रीवास, आकाश, आशीष दुबे, रामकृष्ण पांडेय, मुन्ना सरकार गुप्ता, मोह. रफीक, सोहन श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। सभी नव-चयनित पदाधिकारियों को उपस्थित पत्रकारों ने तालियों की गूंज के साथ शुभकामनाएं दीं और संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण का संकल्प लिया।

सक्रिय पत्रकारों की रही उपस्थिति

बैठक में आर.के. श्रीवास्तव, दिनेश पांडेय, शशिकांत कुशवाहा, फणिन्द्र सिन्हा, सोनू गुप्ता, विकास श्रीवास, अवनीश तिवारी, सुरेश पांडेय, राघवेन्द्र सिंह गहरवार, नीरज पांडेय, रूपेश चौबे, राजेश सिंह, रामकृष्ण पांडेय, मोह. रफीक, आकाश सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।

अगली बैठक जिलेभर में आयोजित करने की योजना

बैठक के समापन में यह निर्णय लिया गया कि संगठन अब जिले के प्रत्येक विकासखंड — देवसर, बैढ़न, चितरंगी और सरई में बैठक आयोजित करेगा, ताकि ब्लॉक स्तर तक पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *