Fri. May 15th, 2026

SINGRAULI NEWS : लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई आयुक्त बी. एस. जामोद ने ए.एन.एम. और पटवारी को निलंबित करने के दिए निर्देश

जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया प्रेरित

सिंगरौली रीवा संभाग के आयुक्त बी. एस. जामोद एवं कलेक्टर गौरव बैनल ने बैढ़न क्षेत्र के सबसे दूरस्थ वनांचल पहाड़ी पर स्थित ग्राम उतानीपाठ का भ्रमण किया। इस दौरान शीर्ष अधिकारियों ने बैगा जनजाति एवं स्थानीय ग्राम वासियों से सीधा जन-संवाद किया। जन-संवाद के दौरान आयुक्त जामोद ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी पात्र ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जगदीश गोमे सहायक जिलाधीश सौम्या मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जन संवाद में ग्रामीणों ने अपनी गंभीर समस्याएं आयुक्त के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की। ग्रामीणों ने शिकायत की कि ग्राम में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की न तो समय पर जाँच होती है और न ही टीकाकरण किया जाता है। मौके पर मौजूद तीन गर्भवती महिलाओं ने भी टीका न लगने की पुष्टि की, जिस पर आयुक्त जामोद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित ए.एन.एम. को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्राम में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर सभी बच्चों और गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण व टीकाकरण पूर्ण करने को कहा।

इसके पश्चात एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि पंचायत सचिव द्वारा ई-केवाईसीपूर्ण न किए जाने के कारण उसे एक वर्ष से दिव्यांग पेंशन नहीं मिली है। आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पंचायत सचिव के वेतन से कटौती कर दिव्यांग महिला को पेंशन राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। वहीं, पटवारी के लगातार अनुपस्थित रहने की ग्रामीणों की शिकायत पर आयुक्त ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आयुक्त एवं कलेक्टर ने ग्राम के अंतर्गत सी.एस.आर.मद से कराए जा रहे तालाबों के गहरीकरण एवं निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान ‘जन चौपाल’ के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए आयुक्त ने ‘जल रोको अभियान’ और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ में सक्रिय जन-भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया । इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, एसडीएम माडा नंदन तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *