SINGRAULI NEWS : आधी रात पुलिस का बड़ा ऑपरेशन लग्जरी डस्टर से 19 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
‘नशामुक्ति अभियान 2.0’ के तहत गोभा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 170 लीटर शराब और 5.25 लाख का मशरूका जप्त
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गोभा पुलिस चौकी ने बड़ी सफलता हासिल की है। ‘नशामुक्ति अभियान 2.0’ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने एक लग्जरी डस्टर कार से 19 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में करीब 1.25 लाख रुपये की शराब और 4 लाख रुपये कीमत की डस्टर कार सहित कुल 5.25 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब और नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गोभा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
मुखबिर की सूचना से खुला तस्करी का राज
गोभा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि डस्टर कार क्रमांक HR26BX9941 में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब भरकर छत्तीसगढ़ की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
घेराबंदी देख भागा चालक, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
पुलिस टीम ने ग्राम बरहपान के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर कार लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और ग्राम मुड़वनिया के पास वाहन को घेरकर रोक लिया।
तलाशी में निकली 19 पेटी विदेशी शराब
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 18 पेटी गोवा व्हिस्की तथा 1 पेटी 8 पीएम विदेशी शराब बरामद हुई। कुल 170 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
छत्तीसगढ़ का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन चालक सोनू यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम घुई, थाना रमकुला, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
5.25 लाख रुपये का मशरूका जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने—
19 पेटी (170 लीटर) अवैध विदेशी शराब – कीमत लगभग 1.25 लाख
डस्टर कार (HR26BX9941) – कीमत लगभग 4 लाख
कुल 5.25 लाख का मशरूका जब्त किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक सजीत सिंह, भगवान दास प्रजापति, प्रधान आरक्षक रविंद्र तोमर, प्रधान आरक्षक नीरज सिंह, आरक्षक सुमन अवस्थी, आरक्षक इस्लाम अंसारी, आरक्षक गौरव यादव एवं आरक्षक संदीप जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
