SINGRAULI NEWS : पवन साहू हत्याकांड की आग में भड़की हिंसा दुकान और स्कॉर्पियो फूंकने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कई और पुलिस के रडार पर
मोरवा में उन्मादी भीड़ के तांडव पर पुलिस का बड़ा एक्शन, आगजनी-तोड़फोड़ मामले में गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
मोरवा सिंगरौली
पवन साहू हत्याकांड के बाद मोरवा क्षेत्र में भड़की हिंसा और आगजनी के चर्चित प्रकरण में पंकज गुप्ता की दुकान और स्कॉर्पियो वाहन को आग के हवाले करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।
क्या था पूरा मामला?
11 मार्च की रात मोरवा थाना क्षेत्र के साईंनगर में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया था। पवन साहू हत्याकांड से आक्रोशित भीड़ का एक समूह पंकज गुप्ता की दुकान के सामने पहुंचा और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग 20 से 25 लोगों की भीड़ ने दुकान पर हमला बोल दिया। पहले दुकान का शटर तोड़ा गया, फिर अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद ज्वलनशील पदार्थ डालकर दुकान में आग लगा दी गई।
दुकान के बाद स्कॉर्पियो को भी बनाया निशाना
उन्मादी भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं रुका। दुकान के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
लाखों रुपये का हुआ नुकसान
फरियादी राहुल कुमार गुप्ता निवासी मोरवा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आगजनी और तोड़फोड़ से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग में दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक UP 64Q 1137 भी पूरी तरह राख में तब्दील हो गया।
पीड़ित के अनुसार इस घटना में लगभग 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
लगातार जांच और दबिश के बाद पुलिस ने आगजनी कांड के मुख्य आरोपी आशीष साकेत पिता संतलाल साकेत (20 वर्ष), निवासी साईंनगर, मोरवा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के घेरे में पुलिस ने नाम और फोटो किया जारी
फरियादी द्वारा पुलिस को दिए गए विवरण में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही उपरोक्त कार्रवाई में—
उपनिरीक्षक एन.पी. तिवारी,सहायक उपनिरीक्षक संतोष सिंह,संजीत सिंह प्रधान आरक्षक अर्जुन सिंह प्रधान आरक्षक कुलदीप शर्मा आरक्षक अजय यादव कमलेश तिवारी रियाज आलम राकेश यादव ने सराहनीय कार्य किया।
