SINGRAULI NEWS: कमिश्नर एवं कलेक्टर द्वारा संयुक्त रूप से उचित मूल्य दुकान का किया गया औचक निरीक्षण
गंभीर अनियमितता मिलने पर विक्रेता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश
सिंगरौली रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद एवं कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा आज सिंगरौली जिले के अंतर्गत ग्राम करसुआ राजा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राशन वितरण में भारी अनियमितता और स्टॉक में बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है। आयुक्त द्वारा मौके पर दुकान के भंडार एवं वितरण पंजी का सूक्ष्मता से मिलान किया गया। साथ ही वहां उपस्थित उपभोक्ताओं से चर्चा कर राशन वितरण की जमीनी हकीकत जानी गई।
जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित विक्रेता द्वारा कुल 450 हितग्राहियों से पी.ओ.एस. पर अंगूठे लगवा लिए गए थे और उन्हें ऑफलाइन पर्ची भी दे दी गई थी, लेकिन वास्तव में उन्हें राशन का भौतिक वितरण नहीं किया गया। प्रशासनिक टीम द्वारा दुकान के वास्तविक भंडार की जांच करने पर अभिलेखों और मौके की स्थिति में भारी अंतर उजागर हुआ। जांच में कुल 70 क्विंटल चावल एवं 85 क्विंटल गेहूं अधिक पाया गया, जो सीधे तौर पर गरीबों के राशन की कालाबाजारी को दर्शाता है।
इस गंभीर वित्तीय अनियमितता और लापरवाही पर आयुक्त बी.एस. जामोद ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने जिला प्रशासन को संबंधित दोषी विक्रेता के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं क्षेत्र में जाकर घर-घर वितरित राशन का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करें। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जिन 450 हितग्राहियों को राशन से वंचित किया गया है, उन्हें तत्काल पूरी पारदर्शिता के साथ राशन का वितरण सुनिश्चित कराया जाए।
