Fri. May 15th, 2026

SINGRAULI NEWS : जल गंगा संवर्धन अभियान कमिश्नर बी.एस. जामोद ने किया तालाबों के कार्यों का निरीक्षण

वर्षा ऋतु से पूर्व कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

सिंगरौली जिले में जल स्रोतों के पुनरुद्धार और भू-जल स्तर को सुधारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की प्रगति जानने के लिए कमिश्नर रीवा संभाग बी.एस. जामोद द्वारा आज सघन मैदानी भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में अभियान के अंतर्गत किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। भ्रमण की शुरुआत में उन्होंने ग्राम पंचायत रजमिलान में चल रहे तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली । तथा उन्होंने स्वयं भी श्रमदान कर तालाब के गहरीकरण कार्य में योगदान दिया।
इसके पश्चात कमिश्नर जामोद ने ग्राम पंचायत रैला के कुरूखाडी में संचालित गहरीकरण कार्य का जायजा लिया, जहाँ उन्होंने जल संचय की क्षमता बढ़ाने हेतु आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कुर्सआराजा के चुनहाटोला एवं कनपुरा में चल रहे तालाब गहरीकरण कार्यों का भी उनके द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल सीईओ जिला पंचायत जगदीश गोमे सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी अमला मुख्य रूप से उपस्थित रहा।
उन्होंने कार्यस्थल पर उपस्थित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के प्रारंभ होने से पूर्व अभियान के तहत लिए गए सभी गहरीकरण और नवीन निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही उन्होंने ने निर्देश दिए कि तालाब निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात तालाब के परिधि में वृहद स्तर पर पौधारोपण का कार्य भी किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आगामी मानसून के दौरान वर्षा जल का प्रभावी संचय सुनिश्चित करना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जल संरचनाओं के निर्माण और गहरीकरण में गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इन परियोजनाओं का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों और स्थानीय ग्रामीणों को मिलना है।

Author

  • Fanindra sinha

    दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

    View all posts

By Fanindra sinha

दुनिया की आवाज तेजी से बढ़ता न्यूज़ नेटवर्क संपदक फणींद्र सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *