SINGRAULI NEWS: मेहनत, समर्पण और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल करना संभव: बाइचुंग भूटिया
फुटबॉल के ‘सिक्किमी स्नाइपर’ ने युवाओं को दिया फिटनेस और धैर्य का मंत्र एनसीएल में ‘यंग अचीवर्स प्रोग्राम’ के तहत ‘लर्निंग फ्रॉम लीजेंड’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मुखातिब हुए पूर्व फुटबॉलर श्री बाइचुंग भूटिया
“सफलता बड़ी ज़िम्मेदारियों के साथ आती है क्योंकि जब आप एक सफल व्यक्ति बन जाते हैं तब लोग आपको एक उदाहरण के रूप में देखते हैं। शारीरिक और मानसिक फिटनेस जीवन की किसी भी विधा में सफलता के लिए आवश्यक है। खेल हमें सफलताओं को संभालने और असफलताओं के साथ सामंजस्य बैठाना सिखाते हैं।”
सोमवार को एनसीएल के दूधिचुआ ग्राउंड में आयोजित ‘यंग अचीवर्स प्रोग्राम’ के तहत ‘लर्निंग फ्रॉम लीजेंड’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ये बातें दिग्गज भारतीय फुटबॉलर और पूर्व फ़ुटबॉल कप्तान, पद्म श्री एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित श्री बाइचुंग भूटिया ने कहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से मुखातिब होते हुए बाइचुंग भूटिया ने फुटबॉल के मैदान के अपने अनुभवों को जीवन के विविध आयामों से जोड़ा। फिटनेस पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे फ़ूड हैबिट के साथ अल्पाहार और नियमित व्यायाम फिट रहने के लिए आवश्यक है साथ ही योग और सूर्य नमस्कार को नियमित आचरण में लाने हेतु उपस्थित विद्यार्थियों सहित सभी को प्रेरित किया उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को बच्चों की रुचि के हिसाब से करियर चुनने की आजादी देने व उसी अनुरूप वातावरण उपलब्ध करवाने का सुझाव दिया।
सिक्किम के छोटे से गाँव तिंकिताम से निकलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले भूटिया ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अगर आप में प्रतिभा है तो संसाधनों की कमी आपकी सफलता में कभी बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने बच्चों को अपने पैशन (जुनून) को फॉलो करने तथा चुनौतियों के लिए सदैव तत्पर रहने की सीख दी।
इसके साथ ही भूटिया ने कोल इंडिया और एनसीएल द्वारा खेल एवं सामुदायिक विकास की दिशा में किए जा रहे सार्थक प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान अपने उद्बोधन में सीएमडी एनसीएल, बी. साईराम ने बाइचुंग भूटिया को फ़िटनेस आइकॉन बताते हुए उनके खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और धैर्य को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि फिजिकल एंड्यूरेंस के साथ मानसिक स्थिरता के बल पर श्री भूटिया ने विश्वस्तरीय सफलता अर्जित की है। भारत में फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान के आलोक में उन्होंने सिंगरौली परिक्षेत्र के युवाओं को फ़ुटबॉल सहित अन्य खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार, निदेशक (वित्त), रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन), आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अजय कुमार जायसवाल, पूर्व निदेशक (तकनीकी/संचालन), सुनील प्रसाद सिंह, कंपनी जेसीसी सदस्यगण, सीएमओआई प्रतिनिधि, कृति महिला मंडल उपाध्यक्षागण, मुख्यालय एवं परियोजनाओं से महाप्रबंधकगण एवं विभागाध्यक्षगण, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीएल के विद्यालयों से विद्यार्थी, प्राचार्य, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि पूरे सत्र को तीन भागों में विभाजित किया गया था जिसमें मोटिवेशनल, मॉडरेटर और इंटरैक्टिव सत्र शामिल थे। इन सत्रों के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य ने भी बड़े उत्साह के साथ श्री बाइचुंग भूटिया से खेल, कैरियर एवं जीवन से संबन्धित सवाल पूछे। इस दौरान एनसीएल की ओर से मॉडरेटर की भूमिका में प्रबंधक (मानव संसाधन), श्री पाणि पंकज पांडे रहे। उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीएल कल्याण विभाग और दुधीचुआ टीम की अहम भूमिका रही
